धौरहरा। कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मिले बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक की बीआरसी और स्कूल विजिट के बाद शिक्षकों में हड़कंप मच गया। पॉजिटिव पाए गए शिक्षक को इस बावत भनक तक न थी, जिससे वह सामान्य तरीके से लोगों से मिलता रहा।
एक जुलाई को स्कूल खोलने के आदेश के बाद धौरहरा ब्लॉक में तैनात कानपुर निवासी एक शिक्षक भी ड्यूटी पर आ गया। जिसने शुरुआती तीन दिन अपने मूल तैनाती वाले स्कूल में साथी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मियों के साथ शासकीय कार्यों को निपटाया। तीन जुलाई को बीआरसी धौरहरा पर मिशन कायाकल्प की बैठक थी, जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी, कई ग्राम पंचायत अधिकारी और बड़ी संख्या में प्राइमरी शिक्षकों समेत शिक्षक नेता मौजूद थे। पॉजिटिव शिक्षक की बहन ने धौरहरा के शिक्षक नेताओं और शिक्षकों को अपने भाई के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी। बताते हैं कि शिक्षक को तबियत खराब महसूस होने पर वह अपने घर कानपुर चला गया था, जहां उसका कोरोना टेस्ट हुआ। पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कानपुर में भर्ती कराया गया है।