फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना: प्रवासियों ने बढ़ाई मुश्किलें, अमरोलिया गांव भी कंटेन्मेंट जोन में

विज्ञापन
विज्ञापन
मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। दो दिन पहले औरंगाबाद में दो कोरोना संक्रमित प्रवासी श्रमिक मिलने के बाद चौकी क्षेत्र के ही ग्राम अमरोलिया में भी एक प्रवासी श्रमिक कोरोना संक्रमित पाया गया है। इससे गांव एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को अमरोलिया गांव को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने गांव के 250 मीटर परिधि को सील कर दिया है। लोगों के आवागमन पर रोक लगाते हुए घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से कराई जाएगी। इस प्रकार जनपद में 18 कंटेन्मेंट जोन घोषित हो चुके हैं।
विज्ञापन

अमरोलिया गांव निवासी कोरोना संक्रमित व्यक्ति हरियाणा में अपोलो कंपनी में काम करता था। वह हरियाणा से एक जून को अपने घर के लिए चला था, जिसके बाद दो जून को अपने गांव अमरोलिया पहुंचा था। इसके बाद तीन जून को प्रवासी श्रमिक ने जिला अस्पताल लखीमपुर में अपनी जांच करवाई। पांच जून को आई रिपोर्ट में प्रवासी श्रमिक कोरोना संक्रमित पाया गया। प्रवासी श्रमिक के कोरोना संक्रमित पाए जाने की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा है। खासकर इसके संपर्क में आने वाले परिजन और ग्रामीण खौफजदा हैं। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे औरंगाबाद चौकी इंचार्ज नीतीश कुमार पुलिस टीम के साथ गांव अमरोलिया पहुंचे। एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह के निर्देश पर पूरे गांव को बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया और पूरे गांव को सैनेटाइज कराया गया।
एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह ने बताया की पूरे गांव में स्वास्थ्य विभाग की चार टीमें लगाकर सर्वे कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमित के परिवार के छह लोगों सहित कुल 22 लोगों के शक के आधार पर डायट लखीमपुर में क्वारंटीन किया गया है। एसडीएम ने बताया कि गांव के लोगों के लिए आवश्यक वस्तुएं और स्वास्थ्य सेवाएं प्रशासन की तरफ से उपलब्ध कराई जाएंगी। सीओ मितौली सीतांशु कुमार, प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन

कंटेन्मेंट घोषित हरगोविंदपुर गांव में पुलिस का कड़ा पहरा
रोशननगर हैदराबाद थाना और बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रंट नं 14 के गांव हरगोविंदपुर युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने से कंटेन्मेंट घोषित किया गया है। ऐसे में पुलिस का यहां कड़ा पहरा लगाया गया है।
पॉजिटिव युवक के परिजन का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। एसडीएम अखिलेश यादव, एसओ सुनीत कुमार, सीओ प्रदीप कुमार यादव, बांकेगंज सीएचसी अधीक्षक केके रंजन ने बताया कि लखनऊ से सैंपल रिपोर्ट आने का इंतजार है। स्वास्थ्य, पुलिस विभाग की टीमें तैनात की गई हैं, जो अलग अलग शिफ्टों में गांव की निगरानी में लगी हैं।
एसडीएम अखिलेश यादव ने बताया कि लोगों के क्वारंटीन होने से गांव में सन्नाटा पसरा है। कंटेन्मेंट जोन में डोर स्टेप डिलेवरी से खाने पीने के सामान की होम डिलिवरी की व्यवस्था की गई है। सब्जी दुकानदारों को सामाजिक दूरी के साथ गांव में सब्जी बेचने की इजाजत दी गई है।
कोरोना संक्रमित दो लोग स्वस्थ होकर घर लौटे
उचौलिया दो सप्ताह पूर्व बनकागांव में कोरोना संक्रमित पाए गए तीन प्रवासी कामगार युवकों में दो की रिपोर्ट लगातार तीन बार नेगेटिव आने पर कोविड अस्पताल से शनिवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। एक युवक अभी कोविड अस्पताल में भर्ती है।
बनकागांव में गत माह मुंबई से लौटे कामगारों में पांच प्रवासी कामगारों की जांच हुई थी जिसमें तीन युवक संक्रमित मिले थे। जिसके बाद तीनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीनों युवकों की उपचार के दौरान गत माह 28 तारीख और उसके बाद इस माह 2 और 4 तारीख को कोरोना जांच की गयी। जिसमें दो युवकों की लगातार तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर शनिवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। जबकि तीसरे युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अभी डिस्चार्ज नहीं किया गया है। दोनों युवक शनिवार दोपहर बाद सरकारी एंबुलेंस से अपने गांव पहुंचे। युवकों के स्वस्थ होकर घर आने पर परिवारीजनों ने खुशी जाहिर की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें