गौरीफंटा। लॉकडाउन में नेपाल से भारत आने वाले भारतीय लोगों को 14 दिन पलिया क्वारंटीन केंद्र में रखे जाने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। जिसके बाद गुरुवार को धनगढ़ी-नेपाल से भारत लौटे 205 भारतीयों को गौरीफंटा से बसों द्वारा पलिया के लिए भेजा गया। जबकि भारतीय महानगरों से 4467 लोग वापस नेपाल लौटे। एक सप्ताह में नेपाल से 2683 भारतीय वापस भारत लौटे हैं।
रोजाना गौरीफंटा बॉर्डर से नेपाल जाने की नेपालियों की भीड़ दिखाई दे रही है। वहीं नेपाल से भारतीयों के आने का सिलसिला भी जारी है। जिसको लेकर खीरी डीएम शैलेंद्र सिंह ने सख्ती बरते जाने को लेकर नेपाल से आने वाले भारतीयों को 14 दिन क्वारंटीन केंद्रों में रखे जाने के निर्देश दिए थे। जिसको लेकर गुरुवार को धनगढ़ी से 205 भारतीय लोगों को गौरीफंटा कोतवाल रमेश चंद्र यादव ने बसों में बैठाकर पलिया के बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन केंद्र के लिए भेजा है। अभी तक नेपाल से एक सप्ताह में 2683 भारतीय वापस भारत लौटे हैं जबकि 28 हजार 515 नेपाली भारत से नेपाल गए हैं। गुरुवार को सुबह से शाम तक 4467 नेपाली नागरिकों को नेपाल भेजा गया था।
दो दिनों से नेपाल में बंद हैं टेस्टिंग जांच
धनगढ़ी-नेपाल भारतीय महानगरों से स्वदेश नेपाल लौटने वाले नेपलियों की गौरीफंटा-त्रिनगर धनगढ़ी बॉर्डर पर नेपाल तरफ रैपिड टेस्टिंग किट द्वारा जांच होती थी, जो कि किट खत्म होने से गत दो दिनों से जांच बंद कर दी गई है।