लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन है। ऐसे में जरूरतमंदों को दिक्कत न हो, इसलिए अमर उजाला फाउंडेशन ने जिला प्रशासन के सहयोग से राहत शिविर बनाया है। पलायन कर लौटने वालों के साथ संभावित संक्रमितों को इसमें रखा जा रहा है। इनके खाने पीने की व्यवस्था समाजसेवी कर रहे हैं। शनिवार को शिविर में ठहरने वालों को कोरोना संक्रमण के लक्षण और उससे बचने की जानकारी दी गई।
फाउंडेशन के राहत शिविर में शनिवार को जागरूकता कार्यशाला हुई। इसमें संग्रह अमीन रामऔतार, राजेश गौतम, अवधेश पांडे एवं इंद्रजीत सिंह ने क्वारंटीन किए गए लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। राम औतार ने कहा कि जागरूकता ही कोराना संक्रमण से बचाव है। लॉकडाउन का पालन करें, घर से निकलने से बचें। आवश्यक हो तो घर से निकलने के बाद नाक, मुंह और आंखों को न छुएं। घर पहुंचकर पहले हाथों को साबुन से अच्छी तरह धो लें उसके बाद ही घर का कोई सामान छुएं। राजेश कुमार ने बताया कि शिविर में भी एक दूसरे से सामाजिक दूरी बनाए रखें। खांसी जुकाम बुखार होने पर बिना लापरवाही किए सरकारी अस्पताल में दिखाएं। घर जाने के बाद भी बाहर से आए हुए व्यक्तियों से दूर रहें। अवधेश पांडे ने बताया कि कोरोना संक्रमण से स्वच्छता और जागरूता ही बचा सकती है। इसलिए स्वच्छ रह जागरूक बनें। इस दौरान क्वारंटीन किए गए करीब 25 लोगों को जागरूक किया गया।
युवाओं ने जरूरतमंदों को खिलाई तहरी
लॉकडाउन में किसी जरूरतमंद को दिक्कत न आए इसके लिए शहर के युवा भी बढ़-चढ़ कर आगे आ रहे हैं। मोहल्ला अर्जुनपुरवा निवासी कृष्ण कुमार, रामजी शुक्ला, आशीष रस्तोगी, गोल्डी, चंदन शाह, संतोष कुमार, अभिषेक आदि सेठघाट रोड पर जरूरतमंदों के लिए भंडारा चला रहे हैं। जहां लोगों को भोजन कराया जा रहा है।