लखीमपुर-ऐरा खमरिया रूट का है मामला
एआरएम ने परिचालक के खिलाफ की कार्रवाई
लखीमपुर डिपो के संविदा परिचालक ने ऐरा खमरिया रूट पर एक यात्री को बकाया लिखकर एक्टिवेटशन स्लिप थमा दी। यात्री ने एआरएम वीके गोस्वामी के व्हाट्सऐप पर इस संबंध में शिकायत की। एक्टिवेटशन स्लिप दिए जाने के मामले में उन्होंने परिचालक को हटा दिया है।
लखीमपुर निवासी रमेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार को वह लखीमपुर डिपो की बस संख्या यूपी 31 टी 8850 से खमरिया जा रहे थे। टिकट के लिए परिचालक को पचास रुपये दिए, जिस पर उसने 15 रुपये बकाया लिखकर एक स्लिप पकड़ा दी,जो टिकट नहीं था। स्लिप पर बेविल, बस नंबर, परिचालक और डिपो का नाम दर्ज था। उन्होंने बताया कि जब परिचालक से इसके लिए कहा तो उसने मशीन की तकनीकी खराबी बता दी। रमेश मिश्रा ने परिचालक की इस करतूत की शिकायत एआरएम के व्हाट्सऐप नंबर पर की। एआरएम ने एक्टिवेटशन स्लिप दिए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए परिचालक रजनीश अवस्थी को हटा दिया है।
मशीन एक्टिवेटशन के दौरान निकलती है स्लिप
एआरएम ने बताया कि परिचालक को ईटीएम मशीन देने से पहले उसमें रूट, बेविल संख्या, परिचालक और डिपो का नाम दर्ज किया जाता है और इसकी पुुष्टि के लिए स्लिप निकालकर देखी जाती है। परिचालक वहीं स्लिप साथ ले गया होगा और यात्रियों को दे दी।
एक्टिवेटशन स्लिप दिए जाने की शिकायत व्हाट्स ऐप पर मिली थी, जिस पर परिचालक को हटा दिया गया है।
-वीके गोस्वामी एआरएम