रेलवे स्टेशन पर ऑन लाइन टिकट काउंटर के संचालन में सर्वर बड़ी बाधा बन गया है। पिछले कई दिनों से यहां यात्रियों को टिकट के लिए दिक्कतों का सामना कर रहा है। रेलयात्री पखवाड़ा बीतने के एक दिन बाद ही व्यवस्था ऐसी बिगड़ी कि दिनभर यात्रियों को टिकट के लिए मारामारी करनी पड़ी। बुधवार को एक ही काउंटर चलने की वजह से टिकट के लिए यात्रियों के बीच जमकर हाथापाई हुई और खूब हंगामा हुआ।
बुधवार की सुबह 10 बजे के बाद सर्वर डॉउन होने के कारण एक के बाद एक टिकट काउंटर बंद हो गए। चार काउंटरों में सिर्फ एक काउंटर ही बमुश्किलन चल पा रहा था। जिससे टिकट लेने के लिए सौ से अधिक यात्रियों की भीड़ जुटी थी। इससे कई बार हालात बिगड़ते-बिगड़ते बचे। गौरतलब है कि अभी एक दिन पहले ही रेलवे के अधिकारियों ने रेलयात्री पखवाड़ा के तहत कार्यक्र म आयोजित कर यात्रियों की समस्याओं को दूर करने का वादा किया था, लेकिन पखवाड़ा बीतते ही रेलवे की टिकट व्यवस्था बेपटरी हो गई।
जीआरपी के लिए सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती
आए दिन रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर यात्रियों की भारी भीड़ और बढ़ रही परेशानियों के कारण जीआरपी काफी परेशान हो गई है। एसओ चेतराम वर्मा का कहना है ट्रेन के आने के समय का टिकट खिड़की पर भीड़ के चलते करीब 30 से अधिक यात्री बेटिकट यात्रा करने को मजबूर होते हैं। ऐसे ट्रेन पकड़ते समय हादसों का खतरा बना रहता है। टिकट काउंटर की भीड़ को संभालने के लिए कभी-कभी तो पूरे थाने के सिपाहियों को ड्यूटी पर लगाना पड़ता है। एसओ ने बताया कि बदहाल व्यवस्था सुधारने के लिए कई बार रेलवे अधिकारियों से कहा गया, लेकिन कोई नहीं सुन रहा है।