एमसीएच विंग में भर्ती मरीजों से बात करते सीएमओ।
अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिलने पर किया निरीक्षण
अपना ब्लड प्रेशर चेक कराकर मशीनों की गुणवत्ता परखी
लखीमपुर खीरी। सीएमओ ने व्याप्त अव्यवस्थाओं का संज्ञान लेकर सोमवार को एमसीएच विंग का निरीक्षण किया। सीएमएस को दो दिन में अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कर मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने बताया कि अव्यवस्थाओं की शिकायत मिलने पर सोमवार को एमसीएच विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान तमाम अव्यवस्थाएं मिलीं, जिन्हें दुरुस्त कराकर मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने ओपीडी वार्ड सहित अन्य सभी कक्षों का भी निरीक्षण किया। मशीनों की गुणवत्ता जांचने के लिए सीएमओ ने अपना ब्लड प्रेशर चेक करवाया। वहीं एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने फिजियोथैरेपी वार्ड में एक्सरसाइज उपकरणों को चला कर देखा।
सीएमओ ने मुख्य द्वार पर एक स्ट्रेचर व व्हीलचेयर रखने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर को पत्थरों की सफाई कर पानी निकासी व्यवस्था सही करने के निर्देश दिए। डॉक्टरों संग बैठक कर मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा।
कुपोषण वार्ड को प्रथम व द्वितीय तल पर शिफ्ट करने, मानसिक ओपीडी को ग्राउंड फ्लोर पर करने के निर्देश दिए। पैथोलॉजी अस्पताल में डस्टबिन एवं गमले रखवाने के साथ मरीजों के बैठने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने के लिए कहा। सीएमएस डॉ. एसी श्रीवास्तव ने बताया कि 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ईएमओ को शिफ्ट अनुसार तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड सहित एनआरसी वार्ड शुरू हो गया है। स्टेनो कार्तिकेय मिश्रा व एमसीएच विंग के फार्मासिस्ट नीरज शुक्ला, अशोक सक्सेना, अमरेंद्र सिंह व अन्य उपस्थित रहे।