लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल सभागार में आयोजित कार्यशाला में सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर ने एंबुलेंस स्टाफ को मरीज के लिए उनकी उपयोगिता और कार्य दायित्व बताए।
उन्होंने कहा कि 108 एवं 102 एंबुलेंस बेहद महत्वपूर्ण सेवा है। ईएमटी एवं पायलट सिर्फ नौकरी ही नहीं करते, बल्कि समाज सेवा कर लोगों को जिंदगी देते हैं। इसलिए सभी लोग ईमानदारी से अपना काम करें। एसीएमओ एवं नोडल डॉ. धनीराम भार्गव ने कहा कि ईएमटी और पायलट प्रशिक्षित होने से मरीज की रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
एसीएमओ ने एंबुलेंस स्टाफ को कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर मरीज को एंबुलेंस उपलब्ध कराकर अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनर कार्तिकेय शर्मा, प्रोग्राम मैनेजर शिवेंद्र मिश्रा, जिला प्रभारी उबेद शारिक एवं क्वालिटी टीम के शिवेंद्र राय और विनीत उपस्थित रहे। संवाद