गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शाहपुर के मजरा दीदारुटांडा, नरायनपुरवा, लोनियाना गांवों के बीच में स्थित गन्ने के खेत में वृद्ध की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम को भेजा। परिवार वालों ने ठंड लगने से मौत होने की आशंका व्यक्त की है।
मंगलवार को खेत में शव पड़ा होने की जानकारी पर वहां लोगों की भीड़ लग गई। एसओ अजय राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। शव की शिनाख्त कुंअरपुर नरायनपुरवा निवासी सोनेलाल (90) के रूप में हुई है। सूचना पर सोनेलाल के दामाद हरीश, पोते ध्रुव कुमार मौके पर पहुंचे। ध्रुव कुमार ने बताया कि बाबा सोनेलाल अपने दामाद हरीश के पास रहते थे। खाना हमारे यहां भी खा लेते थे। पांच साल से उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। कई-कई दिन घर से गायब रहते थे। मृतक सोनेलाल का पुत्र रामचंद्र फालिज के कारण चलने फिरने में असमर्थ है। 15 साल से सोनेलाल की देखभाल उनके दामाद हरीश करते थे। हरीश ने बताया कि वह पिछले सोमवार को घर से निकले थे। तब से गायब थे। रविवार को कुछ लोगों ने उनको लखीमपुर पलिया राजमार्ग पर भानपुर के पास पुलिया पर बैठे हुए देखा था। तब उनके शरीर पर सिर्फ बनियान और अंडरवियर था। एक अंगौछा सिर पर बंधा हुआ था। उसके बाद मंगलवार को देखे गए स्थान से डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में उनकी लाश मिली। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं था। मृतक के पोते ध्रुव कुमार तथा दामाद हरीश ने बताया कि उनकी मृत्यु गन्ने के खेत में बगैर कपड़ों के पड़े रहने से अत्यधिक ठंड आदि लगने से हुई है। उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। ध्रुव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
--------------
परिवार वालों ने बताया कि नौ दिन पहले सोनेलाल घर से गए थे आज उनका शव मिला है। संभवत: मानसिक मंदित होने की वजह से ठंड लगने, वृद्धावस्था के चलते उनकी मृत्यु हो गई है। किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो जाएगा।
-अजय राय, एसओ भीरा