लखीमपुर खीरी। दो दिवसीय दौरे पर आईं जिले की नोडल अफसर आईजी लखनऊ परिक्षेत्र लक्ष्मी सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि समीक्षा में पाया गया कि जिले में जन शिकायतों के अनुरूप कार्रवाई नहीं हो रही है। अपराधी और पुलिस के गठजोड़ पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
इससे पहले आईजी लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी अरुण कुमार सिंह और सभी सीओ शामिल हुए। समीक्षा बैठक में कोविड-19 को लेकर बचाव, कंटेन्मेंट जोन आदि की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर भी समीक्षा की। बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू हुईं आईजी ने कहा कि टॉप टेन सूचीबद्ध अपराधियों पर कार्रवाई की जाएगी। उनकी अवैध धंधे से अर्जित की गई संपत्ति की जांच कर जब्त करने की कार्रवाई होगी। प्रभारी निरीक्षक, एसआई हो या सिपाही, सभी की नियमानुसार ही पोस्टिंग होगी। अपराधियों और पुलिस के बीच कभी-कभार गठजोड़ के आरोप लगते हैं। इस पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अपराध पर लगाम और अपराधी को सजा दिलाना मुख्य ध्येय है। उन्होंने माना कि समीक्षा बैठक में जिले में जन शिकायत के अनुरूप कार्रवाई नहीं पाई गई है। जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी। नेपाल सीमा पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रत्येक थाने, पुलिस दफ्तर, पुलिस लाइन आदि को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
आईजी के निरीक्षण में पास हुई सदर कोतवाली पुलिस
आईजी लक्ष्मी सिंह शनिवार की सुबह करीब नौ बजे पहुंची। उन्होंने सबसे पहले कोतवाली सदर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, दफ्तर, मेस, शस्त्रागार, हवालात आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई अभिलेख भी देखे। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा से अपराध को लेकर कई सवाल भी किए, जिनका कोतवाल ने सटीक जवाब दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी पूनम, एएसपी अरुण कुमार सिंह और सीओ सिटी विजय आनंद भी मौजूद रहे।