तिकुनियां। नाव पलटने से शुक्रवार को मोहाना नदी में बहे ग्रामीण का शव शनिवार को गोताखोरों को मिल गया, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुक्रवार को ग्राम चौगुर्जी के ग्रामीण नाव से मोहाना नदी पार कर रहे थे। नाव पर एक महिला समेत नौ लोग सवार थे। बीच मझधार में अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे सभी नाव सवार बहने लगे। महिला समेत आठ लोग किसी तरह बाहर निकल आये, लेकिन रामकरण (65) बह गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने गोताखोर लगाकर उसकी तलाश कराई थी, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार को गोताखोर नदी में उतरे और घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर रामकरण का शव मिल गया। तहसीलदार धर्मेंद्र पांडे ने बताया कि मृतक रामकरण का शव मिल गया है। उसके परिजन को चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसकी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
लॉकडाउन के चलते बंद है बड़ी नाव
भारत-नेपाल सीमा पर बह रही मोहाना नदी के घाट पर जिला पंचायत से नौका संचालन का ठेका है। नावों से नदी पार कर चौगुर्जी गांव के लोग खेती किसानी तथा अन्य बाजार से अपनी जरूरत की चीजों खरीदने के लिए आते जाते हैं। लॉकडाउन होने के कारण सरकारी घाट पर बड़ी नावों का संचालन बंद है। इस वजह से गांव के लोग छोटी नाव से नदी पार करते हैं।