परिषदीय स्कूलों में एक अक्तूबर को मनाया जाएगा दादा-दादी और नाना-नानी दिवस
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का किया जाएगा सम्मान
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में एक अक्तूबर को दादा- दादी, नाना- नानी दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को शांतिपूर्वक, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन यापन का अवसर प्रदान करना है। बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान- आदर भाव करने के संबंध में मूल्यपरक शिक्षा दी जाएगी। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने सभी बीएसए को आदेश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश वरिष्ठ नागरिक नीति के तहत इस दिवस के माध्यम से बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं से परिचित कराया जाएगा। जिले में करीब 3800 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा और उनका सम्मान करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बीएसए संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मौजूदा समय में परिवारों में विघटन की वजह से संयुक्त परिवार की परंपराएं टूट रहीं हैं। प्रतिस्पर्धा के इस युग में बच्चों का बचपन तमाम पारिवारिक संबंधों से दूर हो रहा है। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों को भी एकाकीपन का शिकार होना पड़ रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों के संबंध और रिश्ते की अहमियत के बारे जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी बीईओ को एक अक्तूबर को दादा-दादी, नाना-नानी दिवस मनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय में कार्यक्रम कराए जाने की आख्या भी मांगी गई है।