सीबीआई की कोर्ट में लंबे समय से हाजिर नहीं हुआ है अनूप श्रीवास्तव
बसअड्डा के सामने नगर पालिका के आवास में रहता है परिवार
नोएडा में वेबसाइट बनाकर करोड़ों की ठगी का मामला
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के मोहल्ला नई बस्ती में रोडवेज बसअड्डा के सामने नगर पालिका के आवास में रहने वाले रिटायर्ड कर्मचारी के पुत्र की तलाश में सीबीआई टीम ने मंगलवार की शाम को घर पर दबिश दी, जहां आरोपी के न मिलने पर टीम ने उसके घर पर नोटिस चस्पा की है।
नगर पालिका के रिटायर्ड कर्मचारी विनोद कुमार श्रीवास्तव के पुत्र अनूप श्रीवास्तव के खिलाफ करोड़ों की ठगी करने का आरोप है, जिसकी जांच सीबीआई कर रही है। बताते हैं कि नोएडा में वेबसाइट बनाकर अनूप श्रीवास्तव ने करोड़ों की ठगी की थी, जिसमें कुछ और आरोपी शामिल हैं। इस मामले की सुनवाई सीबीआई की विशेष बेंच में सुनवाई चल रही है, जहां पूछताछ के लिए अनूप श्रीवास्तव को हाजिर होना था। सूत्र बताते हैं कि काफी समय बीतने के बाद भी अनूप सीबीआई कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ तो सीबीआई ने उसकी तलाश में मंगलवार को दबिश दी। उसके न मिलने पर सीबीआई टीम ने उसके घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया है।