प्रशिक्षण के लिए एक दिवसीय कार्यशाला में दिया प्रशिक्षण
लखीमपुर खीरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एक प्रत्याशी की ओर से अधिकतम 30.80 लाख रुपये तक की राशि व्यय करने का प्रावधान है। इस सीमा का पालन करवाने के लिए प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों की सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में विधानसभा चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शिता के साथ कराने के लिए निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीमों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि निर्वाचन के दौरान अवैध नकदी एवं शराब तस्करी पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। चुनाव के दौरान यदि कोई व्यक्ति ज्यादा नकदी ले जाएगा और जांच में दस्तावेज समेत जरूरी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो उसकी राशि जब्त कर ली जाएगी।
कार्यशाला में एडीएम संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) हरिकेश बहादुर, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) जीएस पांडेय, वित्तीय परामर्शदाता जिला पंचायत लक्ष्मीकांत सहित अन्य टीमों के सदस्य मौजूद रहे।