12 दिसंबर को होंगे नामांकन दाखिल, मतदान 20 दिसंबर को
21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी मतगणना
लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत में रिक्त तीन प्रधान व 180 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर उपचुनाव कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अधिसूचना जारी कर दी है। 12 दिसंबर 2021 को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर उम्मीदवार सुबह 10 बजे से अपरान्ह चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, जिसके बाद 20 दिसंबर 2021 को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। 21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना कराई जाएगी।
डीएम ने बताया कि 13 दिसंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवारी वापसी 14 दिसंबर को सुबह 10 बजे से अपरान्ह तीन बजे तक होगी। प्रतीक आवंटन 14 दिसंबर को तीन बजे से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं सदस्यों के रिक्त स्थानों/पदों पर निर्वाचन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते हुए निर्वाचन अधिकारी पंचायत द्वारा आठ दिसंबर 2021 को सार्वजनिक सूचना निर्गत की जाएगी। सार्वजनिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, तहसील कार्यालय व जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्ट यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा। उप निर्वाचन उप्र पंचायती राज (सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली 1994 के अनुसार संपन्न होगा।
निर्वाचन अधिकारी की सूचना निर्धारित किए जाने की दिनांक अथवा आठ दिसंबर 2021 से नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। डीएम ने बताया कि उप चुनाव में प्रधान ग्राम पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच करने, उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिन्ह आवंटन एवं मतगणना का कार्य संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर होगा। परिणाम की घोषणा भी संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर की जाएगी। समय सारणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारणी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इन ग्राम पंचायतों में होगा प्रधानी का उपचुनाव
ब्लॉक रमियाबेहड़ की ग्राम पंचायत खरवहिया नंबर दो, ब्लॉक मोहम्मदी की ग्राम पंचायत जैती, ब्लॉक बेहजम की ग्राम पंचायत टेड़वा के प्रधान पद महीनों से रिक्त हैं। बताते हैं कि विभिन्न कारणों से इनके प्रधानों की मृत्यु होने के कारण पद रिक्त हुए थे।
ब्लॉकवार ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पद
ईसानगर में आठ, कुंभी में छह, धौरहरा में चार, नकहा में नौ, निघासन में आठ, पलिया में सात, पसगवां में 14, फूलबेहड़ में 16, बेहजम में 17, बांकेगंज में 16, बिजुआ में तीन, मितौली में 30, मोहम्मदी में 15, रमियाबेहड़ में 14, लखीमपुर में 13 ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर उपचुनाव होने हैं।