पूर्व प्रधान व उसके रिश्तेदारों ने सालों से कब्जाई हुई थी 0.182 हेक्टेयर भूमि
एक्शन में सरकार
अधिकारी बोले, अतिक्रमण मुक्त कराई जमीन पर पंचायत भवन बनेगा
योगी सरकार 2.0 में पहली बार गरजा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुलडोजर
लखीमपुर खीरी। योगी सरकार 2.0 में पहली बार जनपद में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बुलडोजर गरजा है। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लखीमपुर देहात में पूर्व प्रधान व उसके रिश्तेदारों ने भूमि गाटा संख्या 1187 रकबा 0.182 हेक्टेयर पर कई सालों से अवैध कब्जा कर रखा था। डीएम के आदेश पर बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर राजेश कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाकर बुलडोजर के जरिये अवैध कब्जा हटवाकर जमीन को मुक्त कराया है। अब इस जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत लखीमपुर देहात में ग्राम समाज की जमीन पर पूर्व प्रधान अलीम व उसके रिश्तेदारों ने बरसों से कब्जा कर रखा था, जबकि इस जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण होना है। इससे पहले कई बार तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जा हटवाने की कोशिश की थी, लेकिन पूर्व प्रधान के परिजन के विरोध के चलते सफलता नहीं मिली थी।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम सदर को निर्देश दिए, जिसके बाद बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर राजेश कुमार व व बीडीओ पीयूष कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व, विकास व पुलिस विभाग कर टीम ने अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। बुलडोजर के जरिये अवैध कब्जे व निर्माण को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कार्रवाई को देखने के लिए ग्रामीण भी जुटे।
कब्जा मुक्त कराई गई इस भूमि पर प्रशासन द्वारा पंचायत भवन बनवाने के लिए चिह्नित किया गया था। भूमि का मूल्य करीब 70 लाख रुपये है। कब्जा हटवाने के बाद प्रशासन ने पंचायत भवन की नींव भी खुदवानी शुरू कर दी। इस दौरान नायब तहसीलदार अतुल सेन सिंह चौकी इंचार्ज जेल गेट व पुलिस बल मौजूद रहा।
ग्राम पंचायत नरदवल और रेहरिया खुर्द में भी इस हफ्ते चल सकता है बुलडोजर
लखीमपुर खीरी। जनपद में सरकारी भवनों के निर्माण के लिए चिह्नित जमीनों पर काफी लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इस बार योगी सरकार 2.0 में अवैध अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है, क्योंकि लखीमपुर देहात में जमीन को मुक्त कराने के बाद प्रशासन ने सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत नरदवल और नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रेहरिया खुर्द में अवैध अतिक्रमण को खाली कराने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। बताते हैं कि ग्राम पंचायत नरदवल और रेहरिया खुर्द में पंचायत भवन बनाने के लिए आवंटित जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, जिससे अभी तक इनमें पंचायत भवन के निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।
डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए अवैध कब्जा हटाया जाना जरूरी है, जिसके बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो पाएगा। इसलिए दोनों ग्राम पंचायतों में अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है। उधर, तहसील प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि इसी सप्ताह में इन दोनों ग्राम पंचायतों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चल सकता है। संवाद