उन्होंने उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार के समय किसानों के हित में किए गए कामों का जिक्र भी किया। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में पूर्व की कांग्रेस की सरकार की तरह ही वर्तमान भाजपा सरकार की जातिवादी, सांप्रदायिक व पूंजीवादी सोच व नीतियों के चलते ही दलितों, पिछड़ों, मुस्लिम और अन्य वर्गों का पूर्ण रूप से विकास नहीं हो सका है।
मुकुट और हाथी भेंटकर किया स्वागत
बसपा प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों ने बसपा सुप्रीमो मायावती का स्वागत मुकुट और हाथी भेंटकर किया। पूर्व मुख्यमंत्री को लखीमपुर खीरी प्रत्याशी अंशय कालरा व धौरहरा प्रत्याशी श्याम किशोर अवस्थी ने मुकुट भेंट किया। वहीं सीतापुर सीट के प्रत्याशी ने हाथी भेंटकर स्वागत किया। बसपा सुप्रीमो के संबोधन को सुनने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे थे।
संबोधन में ईवीएम का भी जिक्र
बसपा सुप्रीमो ने अपने संबोधन में भाजपा-कांग्रेस पर तो हमला बोला ही ईवीएम का जिक्र भी किया। कहा कि आम चर्चा के मुताबिक वोटिंग मशीनों में कोई गड़बड़ी नहीं है। भाजपा की गारंटी भी उनके निशाने पर रही। कहा कि पूंजीवादी, संकीर्ण कार्य प्रणाली व कथनी-करनी में काफी अंतर होने की वजह से अब ऐसा लगता है कि इस बार भाजपा भी केंद्र की सत्ता में आसानी से वापस आने वाली नहीं है।