भाई कुलदीप के साथ आई थी चार वर्षीय साक्षी
मुंशी संजय शर्मा ने बालिका को चाइल्ड लाइन को सौंपा
भाई कुलदीप के साथ लखीमपुर आई सीतापुर की चार वर्षीय बालिका साक्षी बिछुड़ गई। कोतवाली के बाहर रो रही बालिका पर मुंशी संजय शर्मा की नजर पड़ी तो वह उसे कोतवाली ले आए। बाद में उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। बालिका अपनी मां का नाम सुषमा और पिता का नाम अनुज बता रही है। बालिका को शिशु आश्रय गृह में भेजा गया है।
सोमवार को एक चार वर्षीय बालिका कोतवाली सदर गेट के बाहर रो रही थी। इसी बीच वहां तैनात मुंशी संजय शर्मा पहुंच गए। उन्होंने बालिका को चुप कराया और कोतवाली लाकर नाम-पता पूछा। मुंशी संजय शर्मा ने बताया कि बालिका ने अपना नाम साक्षी बताया। उसका कहना है कि वह अपने भाई कुलदीप के साथ आई थी। वह अपनी मां का नाम सुषमा, पिता का नाम अनुज निवासी सीतापुर बता रही है। मुंशी संजय शर्मा ने बालिका की जानकारी चाइल्ड लाइन के समन्वयक जीशान अंसारी को दी। जिस पर वह टीम सदस्य रजनी मिश्रा के साथ कोतवाली पहुंचे और बाल कल्याण समिति को सूचना देकर उसे अपने संरक्षण में ले लिया। जिला समन्वयक जीशान अंसारी ने बताया कि बालिका को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। बालिका को शिशु आश्रय गृह में रखा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना सीतापुर पुलिस को दे दी गई है। बालिका के घर का पता लगाया जा रहा है।