लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ीं महिलाओं को मानदेय की मांग करना भारी पड़ गया। आरोप है कि जब समूह की महिलाएं मानदेय भुगतान को लेकर निघासन खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचीं, तो बीडीओ भड़क गए और अभद्रता करते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर भगा दिया। इस घटना से आहत महिलाओं ने जिलाधिकारी के साथ-साथ मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
डीएम को भेजी गई शिकायत में महिलाओं ने बताया कि वे आदर्श प्रेरणा संयुक्त स्तरीय संघ से जुड़ी हैं और कई वर्षों से विभिन्न सरकारी योजनाओं में सेवाएं दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें मानदेय नहीं दिया गया। विभागीय अधिकारियों की तरफ से लगातार काम का दबाव बनाया जाता है, जबकि भुगतान को लेकर कोई ठोस जवाब नहीं दिया जाता। महिलाओं का कहना है कि बिना मानदेय लंबे समय तक काम करना उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद कठिन हो गया है।
महिलाओं के अनुसार, वे कई बार मानदेय की मांग कर चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर टाल दिया गया। सोमवार को करीब 15 महिलाएं निघासन के खंड विकास अधिकारी जयस सिंह से मिलने उनके कार्यालय पहुंचीं। मानदेय की बात उठाने पर बीडीओ ने कहा कि काम करते रहो, मानदेय मिल जाएगा। जब महिलाएं भुगतान को लेकर अड़ी रहीं तो बीडीओ कथित रूप से नाराज हो गए और सुरक्षा कर्मियों की मदद से उन्हें कार्यालय से बाहर निकलवा दिया। महिलाओं ने अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है।
महिलाओं ने कहा कि इस व्यवहार से वे मानसिक रूप से आहत हैं। यदि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगे उच्च स्तर पर आंदोलन और शिकायत करने को मजबूर होंगी। शिकायत करने वालों में अनीशा, रुकसार, अमीशा, अवजीत कौर, राम सहेली, अंजली सिंह, मंजू, सुलोचना, कन्यावती, रीना देवी, रेनू, शफाकुन, सावित्री, शांति, पूर्णिमा, विद्यासोनी, मीना कुमारी, बीना देवी, विलेश कुमार सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं।
वर्जन
अभी तक मामले की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि महिलाओं के साथ अभद्रता हुई है, तो यह गलत है।
-अभिषेक कुमार, सीडीओ/प्रभारी डीएम
सभी आरोप निराधार हैं। न किसी महिला को कार्यालय से भगाया गया और न ही किसी प्रकार की अभद्रता की गई। महिलाएं मानदेय से जुड़ी समस्याओं को लेकर कार्यालय आई थीं। मानदेय के भुगतान के लिए डिमांड पहले ही भेजी जा चुकी है। राशि आते ही भुगतान करा दिया जाएगा।
-जयेश कुमार सिंह, बीडीओ निघासन