पलियाकलां। मोहल्ला रंगरेजान में निर्माणाधीन सड़क हादसों का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बिखरे व नुकीले पत्थरों के कारण पिछले एक माह में कई बाइक और साइकिल सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ। नालियां भी बना दी गईं लेकिन बीच में ही काम बंद हो जाने से सड़क की सतह उखड़ने लगी है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, बजरी और पत्थरों के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। निर्माण कार्य में बाधा का एक बड़ा कारण भारी वाहनों की अवैध आवाजाही बताई जा रही है। आरोप है कि रात के अंधेरे में मिट्टी और बालू से लदी ट्रालियां इसी निर्माणाधीन सड़क से होकर गुजरती हैं। भारी वाहनों के दबाव से नालियों पर रखे पत्थर भी टूट चुके हैं।
लोगों ने कई बार ट्रॉली चालकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर रात में निकल जाते हैं और सुबह तक गायब हो जाते हैं। मोहल्लेवासियों ने जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। संवाद