जालिमनगर पुल स्नान घाट पर लगा चेतावनी बैनर। संवाद
धौरहरा। सावन मेले में इस बार कांवड़िये और श्रद्धालु जालिमनगर पुल घाट पर घाघरा नदी में स्नान नहीं कर सकेंगे। जलस्तर बढ़ने से स्नान घाट पूरी तरह कट जाने के कारण डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नदी में प्रवेश और स्नान पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
कांवड़ियों को घाघरा का पवित्र जल उपलब्ध कराने के लिए नदी किनारे 60 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा कृत्रिम कुंड बनाया गया है। श्रद्धालु यहीं से जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे।
मंगलवार को एसडीएम धौरहरा राशी कृष्णा, नायब तहसीलदार अखिलेश मौर्य, लेखपाल विनोद भार्गव और एडीओ पंचायत प्रेमपाल सिंह ने कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। एसडीएम ने बताया कि जालिमनगर पुल का पश्चिमी हिस्सा पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्से में दुकानों की व्यवस्था के माध्यम से आवागमन नियंत्रित किया जाएगा।
सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि जालिमनगर पुल कांवड़ मेला क्षेत्र में पुलिस के अलावा फ्लड पीएसी के जवान और गोताखोरों की टीम मौजूद रहकर हर स्थिति पर नजर रखेगी।