धौरहरा। कस्बे के मोहल्ला राम वाटिका धाम निवासी मोहन कुमार (15) का शव मंगलवार शाम रानीपुरवा हौकना मटेरा गांव के पास घाघरा नदी से निकले नाले में मिला। पिता हरिश्चंद्र के मुताबिक, मोहन मानसिक रूप से अस्वस्थ था और सोमवार शाम घर से बिना बताए निकल गया था।
देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। मंगलवार शाम नाले में ग्रामीणों ने किशोर का शव उतराता देखकर कफारा चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान मोहन कुमार के रूप में की।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शिनाख्त के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किशोर के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात बताई जा रही है। संवाद