निघासन। ड्रग इंस्पेक्टर और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शनिवार को तिकुनिया कस्बे में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। इस दौरान 10 प्रकार की एनआरएक्स श्रेणी की दवाएं जब्त की गईं।
औषधि निरीक्षक बबीता रानी ने बताया कि कस्बा तिकुनिया स्थित प्रिंस मेडिकल स्टोर से भारतीय युवाओं और नेपाल के नागरिकों को प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया।
इस दौरान मेडिकल स्टोर से 10 प्रकार की एनआरएक्स श्रेणी की दवाएं बरामद हुईं। एनआरएक्स श्रेणी की दवाएं ऐसी दवाएं होती हैं, जिन्हें बिना पंजीकृत चिकित्सक की पर्ची के बेचना प्रतिबंधित होता है। इन दवाओं का गलत इस्तेमाल नशे और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्प्रभाव पैदा कर सकता है।
औषधि निरीक्षक ने मौके पर दवाओं को जब्त कर उनके नमूने सील कर लिए। अधिकारियों के मुताबिक, सील किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।