उर्स मेले में संचालित हो रहे बिना अनुमति झूले। स्रोत: ग्रामीण
धौरहरा। ईसानगर और चिंतापुरवा गांव के बीच स्थित सैय्यद बाबा मजार पर लगने वाले उर्स मेले में मानकविहीन झूलों का संचालन शुरू हो गया है। मेले में लगाए गए कई ओवरहाइट झूलों के बेहद करीब से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। पास में ट्रांसफाॅर्मर भी लगा हुआ है। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
ईसानगर के उर्स मेले में बिना अनुमति झूलों के संचालन पर क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने पूर्व में तत्कालीन थानाध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी को निर्देश दिए थे कि बिना अनुमति किसी भी झूले का संचालन न होने दिया जाए। संयोगवश उर्स शुरू होने से पहले ही तत्कालीन थानाध्यक्ष का स्थानांतरण हो गया।
उनके स्थान पर आए थानाध्यक्ष ईसानगर बृजेश कुमार सिंह की जानकारी के बिना मेले में झूलों का संचालन शुरू हो गया। आरोप है कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर झूले संचालित किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोई बड़ा हादसा हो गया तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।
-
बिना अनुमति झूलों का संचालन नहीं होगा। यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसओ ईसानगर को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी।
-शमशेर बहादुर सिंह, सीओ धौरहरा