निघासन। किडनी ठीक करने का झांसा और पीली धातु की ईंट को सोने का बताकर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले अंतरजनपदीय ठग गिरोह के सरगना बाबा ईशा अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बाबा ईशा अली को ग्राम महुआ की ओर जाने वाली पक्की सड़क से दबोच लिया। गौरतलब है कि दिल्ली निवासी नरेश कुमार जैन ने थाना निघासन में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी की किडनी ठीक करने और पीली धातु की ईंट को असली सोना बताकर उनसे ठगी की गई थी। इस मामले में पहले से ही थाना निघासन में मुकदमा दर्ज किया, जिसमें आरोपी इरफान सहित दो लोगों के नाम सामने आए थे।
इससे पहले पुलिस ने 7 जून को इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य इरफान खां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आई है। प्रभारी निरीक्षक महेशचंद ने बताया कि बाबा ईशा अली को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।