लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में गोला रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित इंडिया-1 कंपनी के एटीएम को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। चोरों ने कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल न होने पर एटीएम की हेड असेंबली से जुड़ी हैंडडिस्क चोरी कर ले गए। बाद में जांच में कैश सुरक्षित पाया गया। हालांकि मशीन को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है।
बैंककर्मी नीरज कुमार ने तहरीर में बताया कि वह कंपनी में फील्ड ऑफिसर्स सेल्स (एफओएस) पद पर कार्यरत हैं। घटना तीन अप्रैल की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। वह कर्मचारी अमृतपाल सिंह के साथ एटीएम में कैश डालने पहुंचे थे, जहां एटीएम क्षतिग्रस्त मिला। टच स्क्रीन चकनाचूर थी, मदरबोर्ड उखड़ा पड़ा था और एचडीडी केबल भी क्षतिग्रस्त थी।
किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने डायल-112 और कंपनी इंजीनियरों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और इंजीनियरों ने मौके का मुआयना किया। जांच में सामने आया कि हैंडडिस्क चोरी होने के कारण एटीएम का सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सका। हालांकि कैश सुरक्षित रहा, लेकिन मशीन को भारी नुकसान हुआ है।
पुलिस ने बैंककर्मी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराध निरीक्षक रविंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।