लखीमपुर खीरी। राजापुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समेत जिले की सभी आईटीआई में सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन चार अगस्त को रात 12 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही आवेदन पूर्ण माना जाएगा।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल अधिकारी पीके शाक्यवार ने बताया कि जिले की छह राजकीय और नौ निजी, कुल 15 आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश दिए जाएंगे। अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान ओटीपी सत्यापन के बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। आवेदन पत्र भरने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखना आवश्यक है। आवेदन में त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर संशोधन का अवसर भी मिलेगा।
राजकीय आईटीआई निघासन के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार न कर समय रहते आवेदन करने की अपील की।
सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।