सड़क पर बने गड्ढे को मिट्टी और रोड़ा से पटवाते पूर्व उपाध्यक्ष अमनदीप सिंह।स्रोत: ग्रामीण
निघासन। सिंगाही-नौरंगाबाद मार्ग पर कोल्हू के पास बने गहरे गड्ढे में लगातार हो रहे हादसों के बाद शनिवार को सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां के पूर्व उपाध्यक्ष एवं प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने अपने स्तर से एक ट्रॉली मिट्टी और रोड़ा डलवाकर गड्ढा भरवाया।
सिंगाही-नौरंगाबाद मार्ग लंबे समय से जर्जर है। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
बृहस्पतिवार रात रामसागर फार्म, नौरंगाबाद निवासी सरदार राजवीर सिंह सिंगाही से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक गहरे गड्ढे में फिसल गई, जिससे उनके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गड्ढे में पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।
अमनदीप सिंह ने बताया कि लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए उन्होंने लोगों को तत्काल राहत देने के लिए गड्ढे में मिट्टी और रोड़ा डलवाया। उन्होंने सड़क की स्थायी मरम्मत जल्द कराने की मांग भी की।