लखीमपुर खीरी। कोरोना महामारी के दौरान बंद किए गए नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के स्कूल सोमवार को खुल गए। पहले दिन स्कूलों में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। शिक्षकों ने स्कूल में सजावट भी की थी और सेल्फी प्वाइंट भी बनाया। इससे बच्चे काफी खुश नजर आए और स्कूल में बने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई।
जनपद के परिषदीय, मान्यता प्राप्त समेत सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अच्छी रही। बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय ने सभी स्कूलों में बच्चों का विधिवत स्वागत करने, विद्यालय में कायाकल्प के 19 बिंदुओं को पूर्ण कराने व चुनाव के लिए न्यूनतम आधारभूत सुविधाओं को एक बार पुन: जांच लेने, बच्चों की उपस्थिति के लिए अभियान चलाने व सभी ग्रामों/मजरों में 90 प्रतिशत पार मतदान का अभियान चलाकर फोटो भेजने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को स्कूलों में जब छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए, तो स्कूलों में उनका विभिन्न तरीकों से स्वागत किया।
कहीं गुब्बारे लगाए गए, कहीं रंगोली बनाई गई, कहीं फ्लेक्स बैनर लगाए गए और कहीं तिलक लगाकर बच्चों का स्वागत किया गया। बच्चे अपने को विद्यालय में पाकर अत्यंत प्रसन्न हुए और काफी दिनों बाद शिक्षक-शिक्षिकाओं से मिलकर भाव-विभोर नजर आए। बच्चों को अवकाश के बाद प्रथम दिन होने के कारण पढ़ाने के साथ-साथ खेलकूद भी कराया। एक दूसरे का साथ पाकर बच्चों के चेहरे प्रसन्नता से खिल गए। सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गनेशपुर में शिक्षिक संध्या वर्मा ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और बच्चों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनवाया।
बीएसए ने विद्यालयों में उपस्थिति को लेकर विशेष जोर दिया है, क्योंकि जब बच्चे विद्यालय आएंगे तो पढ़ाई के साथ विभिन्न क्रियाकलापों में सहभागिता करेंगे। साथ ही बीएसए ने कहा कि अपने जनपद मे 23 फरवरी 2022 को होने वाले मतदान के प्रति अभिभावकों व ग्रामवासियों को अभियान के तहत मतदान के लिए जागरूक करें। प्रत्येक ब्लॉक से मतदाता जागरूकता का सफल अभियान चलाने वाले सभी अध्यापकों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय राजापुर सदर ब्लॉक का निरीक्षण किया। बच्चो से गिनती, पहाड़े, सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी सभी से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बच्चों का शैक्षिक स्तर अच्छा पाया गया। विद्यालय के भौतिक और शैक्षिक परिवेश को अच्छा बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास के लिए प्रधानाध्यापक ऋतु अवस्थी एवं समस्त स्टॉफ की सराहना की गई। साथ ही विद्यालय में बच्चो की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
अब फिर से आएगा साथियों संग मजा
मैैलानी। कोरोना महामारी और कड़ाके की ठंडक के कारण बंद हुए कक्षा छह से आठ तक के सभी स्कूल सोमवार से खुल गए। लंबे समय बाद स्कूल पहुंचे बच्चे खूब खुश दिखाई दिए। बच्चों ने पढ़ाई के साथ ही काफी दिनों से बिछड़े अपने सहपाठियों के संग मौजमस्ती भी की। बच्चे बोले काफी दिनों बाद स्कूल आकर खूब अच्छा लग रहा है। अब फिर से पढ़ाई भी करेंगें और साथियों संग खेलकूद का मजा भी लेंगें।
स्कूल आकर लग रहा है अच्छा: युवराज सिंह
ग्राम पंचायत सलावतनगर के नारंग स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे कक्षा पांच के छात्र युवराज सिंह ने कहाकि काफी दिनों से स्कूल बंद थे। पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही स्कूल के साथियों से मिलना नहीं हो पा रहा था। आज स्कूल आकर बहुत अच्छा लग रहा है।
काफी दिनों बाद स्कूल आकर खुश हूूं: गोल्डी यादव
नारंग निवासी कक्षा पांच की छात्रा गोल्डी यादव ने बताया कि स्कूल बंद होने से पढ़ाई बाधित थी। हांलांकि घर पर रहकर पढ़ाई जारी थी, लेकिन अब स्कूल में पढ़ाई भी करूंगी। अपने सहपाठियों के साथ बातें और खेलकूद का मजा भी लूंगी।
स्कूल में पढ़ने में आएगा मजा: ललिता
नारंग प्राथमिक विद्यालय की कक्षा पांच की छात्रा ललिता ने कहाकि स्कूल बंद होने से घर पर ही पढ़ाई करनी पड़ रही थी। अब स्कूल आकर बहुत अच्छा लग रहा है। अब रोज स्कूल में पढ़ाई के साथ ही साथियों, सहेलियों के साथ मस्ती भी करूंगी।
स्कूल में आकर खूब मजा आया: अयान
मैलानी निवासी श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज के कक्षा छह के छात्र अयान अंसारी ने बताया कि काफी लंबे समय से स्कूल बंद थे। घर पर ही रहकर पापा से पढ़ाई करता था। पहले दिन साथियों संग मतदान रैली में भाग लिया, जिसमें खूब मजा आया। बताया कि अब स्कूल में पढ़ाई के साथ ही दोस्तों संग मस्ती करूंगा।
प्राथमिक विद्यालय गनेशपुर में बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत करती शिक्षिका- फोटो : LAKHIMPUR
सेल्फी लेते बच्चे- फोटो : LAKHIMPUR