यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से परीक्षा सामग्री का वितरण शुरू कर दिया गया है। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा सामग्री प्राप्त होते ही परीक्षार्थियों को सूचना देकर 14 फरवरी तक प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से वितरित कर दिए जाएं।
प्रवेश पत्र वितरण में लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी करने वाले प्रधानाचार्यों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही 16 फरवरी तक इस आशय का प्रमाणपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी छात्र या छात्रा का प्रवेश पत्र वितरण शेष नहीं है।
डीआईओएस विनोद मिश्रा ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर 11 फरवरी को जिलाधिकारी की मौजूदगी में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसी कैमरों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया जा रहा है। डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना का कार्य भी चल रहा है, जिसे दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सभी परीक्षा केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि 15 फरवरी तक सभी केंद्रों को परीक्षा सामग्री, कॉपियां और प्रवेशपत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
अलग-अलग तिथियों में मिलेगी परीक्षा सामग्री
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को छह फरवरी, विद्यालय कोड 1050 से 1200 के अंतर्गत आने वाले वित्तविहीन विद्यालयों को सात फरवरी तथा विद्यालय कोड 1201 से 1332 के अंतर्गत आने वाले वित्तविहीन विद्यालयों को आठ फरवरी को परीक्षा सामग्री वितरित की जाएगी। वितरण सुबह साढ़े 10 बजे से शाम चार बजे तक किया जाएगा।