लखीमपुर खीरी। एडीजी लखनऊ जोन ब्रज भूषण सोमवार को जिले के दौरे पर आए। उन्होंने सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान कोतवाली परिसर में गंदगी देखकर फटकार लगाई। अभिलेखों का निरीक्षण किया तो कई अपूर्ण मिले। उन्होंने अभिलेेखों को अपडेट रखने के निर्देश दिए। टोकन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई संतोषजनक न होने पर एडीजी ने नाराजगी जताते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए।
थाना कोतवाली सदर के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने संपूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर रजिस्टर्स/अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। मालखाने में माल मुकदमाती के व्यवस्थित रख-रखाव और नियमानुसार माल का विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र के निस्तारण की समीक्षा की गई व महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों से अच्छे व्यवहार करने व उनकी समस्याओं को सुनकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक जनशिकायत का फीडबैक स्वयं प्रभारी निरीक्षक को लेने को कहा। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी एवं निर्धारित वर्दी पहनने के लिए निर्देश दिए गए।
जनपद में अवैध टैक्सी स्टैंड नहीं होने चाहिए : एडीजी लखनऊ जोन ब्रज भूषण द्वारा अपराध समीक्षा गोष्ठी की गई। थानों पर पंजीकृत मुकदमों की समीक्षा में हत्या, डकैती, लूट जैसे जघन्य अपराधों के लंबित अभियोगों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं भी अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित नहीं होने चाहिए।
उन्होंने थाना परिसर एवं थाना कार्यालय की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया और शिकायत लेकर आने वाली जनता के बैठने व गर्मी में पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए। पुलिस लाइंस सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी में एडीजी ने महिला संबंधी अपराधों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शातिर अभ्यस्त अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, शराब माफियाओं पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट 14(1) गैंगस्टर एक्ट, एनएसए के तहत कार्रवाई करने, जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।