ओयल। चौकी क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर-लखीमपुर हाईवे के किनारे एक गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटकता मिला। मायके पक्ष ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जाहिर की हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और नायब तहसीलदार ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता के पिता रमेश गौतम निवासी ग्राम दौरा श्रीनगर ने बताया कि उसने अपनी बेटी अनुपा (22) की शादी करीब डेढ़ साल पहले ओयल चौकी क्षेत्र के डिम्हौरा गांव निवासी युवक से की थी। युवक मजदूरी करता है। बेटी बताती थी कि वह बहुत शराब पीता है। इसको लेकर अकसर दोनों में झगड़ा होता रहता था। सोमवार सुबह करीब पांच बजे फोन से सूचना मिली कि बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
उनका आरोप है कि रविवार रात दामाद अधिक शराब पी कर आया और दोनों में बहुत ज्यादा झगड़ा हो गया। उसने इतना पीटा की अनुपा की मौत हो गई। इसके बाद कमरे की छत में लगे कुंडे में साड़ी से फंदा बना कर उसे लटका दिया। इसमें अन्य ससुराली भी शामिल हैं। जानकारी होते ही नायब तहसीलदार आलोक कुमार भी पहुंच गए।
जिसके बाद शव फंदे से उतरवा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी, शव को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में फंदे से उतरवा कर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।