आरोपी डॉक्टर की संविदा समाप्त करने की मांग
अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने की दी चेतावनी
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रभारी सीएमओ को ज्ञापन देकर गोला पीएचसी पर तैनात एक डॉक्टर के खिलाफ कारवाई किए जाने की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई न की गई तो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 15 दिसंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर देेंगे।
संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने प्रभारी सीएमओ को ज्ञापन देकर बताया कि 14 अक्तूबर को पीएचसी गोला में तैनात एक डॉक्टर ने कर्मचारी रामासरे के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पीड़ित कर्मचारी ने सीएमओ से की थी। जिस पर सीएमओ ने जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह से अधिक बीत जाने के बाद भी आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज कर्मचारी संघ के लोगों ने उक्त डॉक्टर की संविदा समाप्त करने, कर्मचारियों को वूलेन वर्दी दिए जाने, एरियर के लिए सीएमओ कार्यालय पर की जा रही धन उगाही बंद करने, कर्मचारियों को बोनस दिए जाने तथा संघ के संज्ञान के बाद ही कर्मचारियों का तबादला किए जाने की मांग की। संघ के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 13 दिसंबर तक डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 14 दिसंबर को सभी कर्मचारी सीएमओ कार्यालय को घेरने के बाद 15 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। कर्मचारियों को कहना है कार्रवाई न होने की दशा में पोस्टमार्टम सेवा भी बंद कर दी जाएगी।