पुवायां में पकड़ा गया किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी मुकेश। स्रोत पुलिस
पुवायां। किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में नामजद आरोपी 25 हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने 15 अप्रैल 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि 11 अप्रैल को गांव बितौनी का रामू और लखीमपुर के थाना मैलानी के गांव गंगापुर का मुकेश उनकी नाबालिग पुत्री का अपहरण कर ले गए हैं। 30 जून को पुलिस ने रामू को मुख्य आरोपी मुकेश का सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
29 सितंबर को किशोरी को तलाश कर मेडिकल और कोर्ट में बयान कराए थे। बयानों के आधार पर दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई थी। कोर्ट ने मुकेश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किया गया था।
एसपी ने 27 दिसंबर को मुकेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद कुर्की भी की गई थी, लेकिन आरोपी फरार था। सात फरवरी को सर्विलांस सेल के सहयोग से एसओजी और पुवायां पुलिस ने मुकेश को तिकुनिया चौराहे से पकड़ लिया।