निघासन/बम्हनपुर (लखीमपुर खीरी)। पलिया निघासन स्टेट हाईवे पर कोदीबाबा गांव के पास एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस खाई में गिरने से बच गईं। जालंधर से बहराइच जा रही अनियंत्रित बस कोदीबाबा के पास लगे एक पेड़ के सहारे रुक गई। जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में कई यात्री थे।
बस में सवार यात्रियों बहराइच के अकबरपुर निवासी श्याम लाल, राजू, भरतनाथ मिश्रा आदि ने बताया कि वे जालंधर किसी काम से गए थे। वहां से वह पलिया यूनियन की प्राइवेट बस से घर लौट रहे थे। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर कोदीबाबा गांव के बस अनियंत्रित हो गई और एक मोटे पेड़ से टकराकर रुक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस किसी तरह से ग्रामीणों की मदद से बस को मुख्य मार्ग पर लाई। यात्रियों का कहना है कि अगर पेड़ नहीं होता तो बस खाई में गिर जाती और बढ़ा हादसा हो सकता था।
-----
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत
जंगबहादुरगंज/पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उदयपुर के पास एनएच-24 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जनपद शाहजहांपुर कोतवाली कांट के ग्राम जरावन निवासी नेत्रपाल सिंह यादव भैया दूज के दिन बाइक से अपनी पत्नी पूनम (42) के साथ अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गिरधारी पुरबा आया था। नेत्रपाल सिंह मंगलवार को लगभग ग्यारह बजे बाइक से पत्नी पूनम के साथ वापस अपने घर लौट रहा था। ग्राम उदयपुर के निकट बाइक को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी । पूनम बाइक से नीचे गिर गई और ट्रक का पहिया पूनम के सिर के ऊपर से निकल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है जबकि चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। मृतका पूनम के दो पुत्र और दो पुत्रियां है सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। संवाद
-------
बाइकों की भिड़ंत में महिला समेत चार घायल
ममरी। मंगलवार दोपहर कस्बे से एक किमी दूर रोशननगर रोड पर दो बाइकों की हुई भिड़ंत में बाइक सवार एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। दोनों बाइकें टकराने के बाद तालाब में जा गिरीं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा रोशननगर रोड पर बड़ी नहर पुल के पास हुआ। एक बाइक पर सवार थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव इटौवा निवासी महिला विमला देवी (45) पत्नी सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार (38) दूसरी बाइक पर सवार खुटार थाना क्षेत्र के गांव सरेली निवासी विनीत कुमार (24), गांव बोझिया निवासी राधेश्याम (46) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसओ हैदराबाद सुनीत कुमार ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला भिजवाकर क्षतिग्रस्त हुई बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने थे। संवाद
------
दो बाइकों की भिड़ंत में एक जख्मी
मैलानी। भीरा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक चालक घायल हो गया। वह हेलमेट नहीं पहने था।
शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां के गांव गंगसरा निवासी 20 वर्षीय राम शंकर अपनी निकटवर्ती गांव कुरियानी रिश्तेदारी में आया था। शाम करीब साढ़े चार बजे वह कुरियानी से मैलानी की ओर जा रहा था। नगर के आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास सामने से आ रही एक बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी बाइक गिर गई और वह जख्मी हो गया। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी खुटार भिजवाया। टक्कर के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से भाग गया। संवाद