मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज स्थित एक इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवॉल रविवार की शाम भरभराकर ढह गई। बाउंड्रीवॉल के निकट पिता के साथ खड़ा 10 साल का बालक दब गया। लोगों ने मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिपरिया धनी क्षेत्र के साहब गंज ग्रंट में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कन्या इंटर कॉलेज है, जिसकी बॉउंड्रीवॉल काफी जर्जर है। रविवार की शाम करीब पांच बजे गांव निवासी दीपक अपने पुत्र अवनीश कुमार (10) के साथ दीवार के निकट खड़ा था। अचानक दीवार भरभराकर ढह गई, मलबे के नीचे अवनीश दब गया। शोरशराबा होने पर गांव के कई लोग पहुंच गए। मलबा हटाकर अवनीश को बाहर निकाला गया। परिवार वाले घायल अवनीश को एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची रेहरिया चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक अवनीश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह रेहरिया स्थित गुरुरामदास एकेडमी में कक्षा एक का छात्र था। हादसे के वक्त बाबू सैय्यद, चौकीदार शिवपाल सिंह कॉलेज में मौजूद थे। कर्मचारियों ने हादसे की सूचना समाज कल्याण अधिकारी को दी। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।