गुलरिया/बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। तिलक समारोह में जाने के लिए निकले तीन लोगों के शव थाना भीरा क्षेत्र में बस्तौला मूड़ा नहर मार्ग पर मंगलवार की सुबह बरामद हुए पास में क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी थी। इससे सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई है, जबकि कुछ लोग बारिश में बाइक दुर्घनाग्रस्त होने और घायलों के रात भर पड़े रहने से मौत की आशंका जता रहे हैं। बाइक चालक हेलमेट पहने था। तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। इनमें एक भीरा थाना क्षेत्र व दो मितौली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर तीनों शव उनके परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
भीरा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया हेमसिंह निवासी राकेश कुमार (22) पुत्र रामकुमार के साले प्रदीप का तिलक गोला थाना क्षेत्र के गांव अलियापुर में सोमवार रात को था, जिसमें शामिल होने के लिए राकेश के रिश्तेदार रंजीत (30) पुत्र पुत्तू निवासी जवाहरपुर और उसकी बहन के चचेरे ससुर वीरपाल उर्फ बीरू पुत्र शोभा निवासी अकबरपुर थाना मितौली के साथ एक ही बाइक से अलियापुर जा रहे थे। तीनों घर से शाम करीब आठ बजे निकले। इस बीच बारिश होने लगी। गांव से निकलने के बाद उनका संपर्क किसी से नहीं हो सका। सुबह करीब छह बजे बस्तौला मूड़ा नहर मार्ग पर नौगवां पुलिया के सामने लोगों ने बाइक और तीन शव पड़े देखे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एक शव की पहचान मुड़िया निवासी राकेश के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे राकेश के परिवार वालों ने दोनों अन्य शवों की पहचान की। बाइक चालक वीरपाल उर्फ बीरू हेलमेट पहने था। हादसा कैसे हुआ यह अभी साफ नहीं है। कुछ लोग बाइक फिसलने से गिरकर घायलवस्था में रात भर पड़े रहने तो कोई अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जाहिर कर रहा है। पुलिस ने भी अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों की मौत होने की आशंका जताई है।
प्रारंभिक जांच में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों बाइक सवारों की मौत होने की बात सामने आई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-शैलेंद्र लाल, एएसपी