संपूर्णानगर खीरी के खजुरिया मार्ग पर दुर्घटना में मरी बच्ची का फाईल फोटो।
- फोटो : LAKHIMPUR
संपूर्णानगर। संपूर्णानगर-खजुरिया मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक चार वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मार कर तेजी से जा रही बोलेरो को खजुरिया में पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से रोक लिया लेकिन चालक भागने में सफल रहा।
थाना क्षेत्र के कमलापुर निवासी भीम सिंह की पत्नी व दो बेटियां रविवार की शाम करीब पांच बजे संपूर्णानगर-खजुरिया मार्ग किनारे स्थित झाले से गांव आ रहे थे। तभी संपूर्णनगर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने चार वर्षीय बच्ची अंशिका को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह उठ पाती इससे पहले ही बोलेरो चालक ने गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की लेकिन उसका चालक तेजी से खजुरिया की तरफ भाग निकला। सूचना चौकी पर दी गई जहां बोलेरो को स्थानीय व्यापारियों व पुलिसकर्मियों ने बेरीकेडिंग कर रोक लिया लेकिन इसके बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहा। खजुरिया चौकी इंचार्ज जीवन सिंह ने शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची की मौत से परिवार मातम में डूब गया।
----------
ट्रैक्टर ने मारी बाइक को टक्कर, दो घायल
ईसानगर। थाना क्षेत्र के कटौली ईसानगर बाईपास के पास रविवार को एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कन्हैया दिनपुरवा रामलोक निवासी विपिन मिश्रा ममेरे भाई ईसानगर निवासी रोहित मिश्र के साथ बाइक से हसनपुर कटौली की ओर जा रहे थे। इस दौरान बाईपास के निकट एक ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनो को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईसानगर भिजवाया। जहां से दोनो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवकों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।