पुलिस छावनी में तब्दील गांव।संवाद
निघासन। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब दूसरे समुदाय की किशोरी अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। जानकारी होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना पर निघासन, सिंगाही, पढ़ुआ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए एहतियातन पीएसी बल भी तैनात किया गया। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन गौतम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पढ़ुआ थाने में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी।
किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेश कुमार और रमाकांत नाम के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।
इधर, पुलिस ने किशोरी को तलाश करने के लिए स्वाट टीम के अलावा संबंधित थानों की पुलिस टीमें गठित की हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पलिया सीओ यादवेंद्र कुमार, निघासन सीओ शिवम कुमार, कोतवाल महेश चंद और सिंगाही एसओ अजीत कुमार गांव में डटे हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। जल्द ही किशोरी को तलाश लिया जाएगा।