लखीमपुर खीरी। एक सप्ताह पहले 85 बोरी यूरिया से भरी पिअकप पकड़े जाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अपर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सत्यवीर ने पिकअप चालक रामचंदर के खिलाफ पढुआ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धौरहरा एसडीएम की सूचना पर आठ सितंबर की रात नौ बजे पढुआ पुलिस ने यूरिया से भरी पिकअप पकड़ी, जिसको थाने लाया गया। नायब तहसीलदार व अपर जिला सहकारी अधिकारी के साथ वरिष्ठ प्राविधिक सहायक थाने पहुंचे और वाहन चालक से पूछताछ की। चालक ने ग्राम बिछिया जनपद बहराइच का निवासी बताया, लेकिन उसके आधार पर ग्राम विशुन टांडाकरी कोट जनपद बहराइच अंकित पाया गया। उर्वरक के संबंध में कोई अभिलेख वह नहीं दिखा सका और न ही सटीक जानकारी दी। पिकअप में इफको ब्रांड की 71 व कृभको ब्रांड की 14 बोरी थी। यूरिया को संदिग्ध मानते हुए उर्वरक के दो नमूने जांच के लिए भेजे। यूरिया से संबंधित कुछ भी स्पष्ट न होने पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
अपर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सत्यवीर ने बताया कि यूरिया से संबंधित कोई भी बात स्पष्ट न होने से चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। अब पुलिस मामले की जांच करेगी कि यह यूरिया कहां से आई है और कहां जा रही थी। संवाद