लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की रोडवेज चौकी क्षेत्र निवासी एक महिला ने खुद को वायरल करने के चक्कर में एक रील बनाई। रील में सांड़ को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने संज्ञान लिया। रोडवेज चौकी प्रभारी ने वादी बनाकर मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मोहल्ला आवास विकास निवासी सलमा पत्नी हसीब ने खुद को फेमस करने के चक्कर में कुछ दिन पहले फेसबुक आईडी पर एक अमर्यादित पोस्ट शेयर की। यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो मामला पुलिस ने संज्ञान में लिया। लोगों की बढ़ती नाराजगी को लेकर कोतवाली पुलिस ने रविवार की शाम महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस की पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने वीडियो महज वायरल होने के लिए बनाया था। सलमा ने बताया कि इस तरह की पोस्ट से उसके व्यूअर्स बढ़ेंगे। इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रोडवेज चौकी इंचार्ज की तहरीर पर सलमा के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई की जा रही है। संवाद