लखीमपुर खीरी। नकाबपोश लोगों ने सोमवार की देर शाम किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंकज के बेटे से स्कूटी लूटी और मौके से भाग गए। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद का है। स्कूटी बरामद कर ली गई है। पूछताछ की जा रही है।
छाउछ गांव निवासी देवेंद्र कुमार पंकज का कहना है कि सोमवार की शाम उनका पुत्र अभिषेक दीक्षित स्कूटी से महाराज नगर रेलवे क्रॉसिंग होते हुए काम से जा रहा था। वह रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा ही था कि तीन नकाबपोश लोगों ने उसे रोक लिया और उससे स्कूटी छीनने लगे। अभिषेक ने विरोध किया तो बदमाशों ने हाथापाई की और स्कूटी लेकर भाग गए।
अभिषेक ने शोर मचाया तो लोग एकत्र हो गए। लोग बदमाशों को पकड़ पाते कि इससे पहले सभी गायब हो चुके थे। इधर पीड़ित ने 112 पर सूचना दी। काफी देर से डायल-112 के सिपाही और चौकी प्रभारी एलआरपी पहुंचे। पुलिस मौका मुआयना करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज निकाल कर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस गई थी। जांच के बाद मामला दोनों के बीच आपसी विवाद का निकला। स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।