धनगढ़ी-नेपाल में भालू की पित्त व कीड़ों के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : LAKHIMPUR
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल पुलिस की खुफिया अनुसंधान विभाग, पुलिस ब्यूरो टीम और कैलाली जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार देर शाम कंचनपुर जिले के कृष्णपुर गांव के एक गांव से डेढ़ सौ ग्राम भालू के पित्त और 525 ग्राम यार्सागुम्बा (बर्फीला कीड़ा) बरामद किया है। इसमें एक नेपाली को भी गिरफ्तार किया है। बरामद भालू का पित्त व यार्सागुम्बा कहां से लाया है और किसको बिक्री करने जा रहा था इसका पता लगाने के लिए जिला पुलिस कार्यालय धनगढ़ी पर लाकर पूछताछ कर रही है।
नेपाल की सुदूर पश्चिम की खुफिया अनुसंधान पुलिस टीम (आरटीआई) व कैलाली जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर शाम कंचनपुर जिले की कृष्णपुर नगर पालिका तहत वार्ड नंबर चार से डेढ़ सौ ग्राम भालू का पित्त व 25 ग्राम यार्सागुम्बा सहित एक नेपाली व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये नेपाली व्यक्ति ने अपना नाम विर्ख धामी निवासी कनिका सुंदरी गांव पालिका वार्ड तीन जिला जुमला हाल पता गोदावरी वार्ड दो जिला कैलाली बताया।
इसके अलावा पकड़े गए व्यक्ति के गोदावरी स्थित किराए के कमरे से पुलिस ने 500 ग्राम यार्सागुम्बा (बर्फीला कीड़ा) और बरामद किया। पकड़े गये नेपाली व्यक्ति को नेपाल पुलिस धनगढ़ी जिला पुलिस कार्यालय पर लाकर पूछताछ कर रही है कि वह भालू का पित्त कहां से लाया और कहां ले जा रहा था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।