लखीमपुर खीरी-सुंदरवल। चारा लेने गए बालक की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव बरामद कर लिया है। परिवार वालों के कार्रवाई करने से इंकार करने पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव घर वालों को सौंप दिया।
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र का गांव जंगपुर तटबंध के किनारे है, जबकि लोगों की खेती तटबंध के अंदर है। लोग अपने खेतों को रोज पानी में उतर कर आत-जाते हैं। शनिवार को गांव निवासी कमर अली का पुत्र अमन (10) पशुओं के लिए चारा लेने दोपहर में घर से गया था। पिता कमर अली ने बताया कि जाते समय ही अमन शारदा तटबंध किनारे भरे बाढ़ के पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने शाम करीब पांच बजे तटबंध के किनारे गहरे पानी में अमन का शव उतराता देखा तो इसकी सूचना परिवार वालों को दी। सूचना मिलते ही घर में चीखपुकार मच गई। रोते-बिलखते परिवार वाले तमाम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। घर वालों ने ग्रामीणों की मदद से शव पानी से बाहर निकाला। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने ग्राम प्रधान व हल्का लेखपाल की मौजूदगी में पंचायतनामा भर कर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। संवाद