महेवागंज। प्यार का इजहार करने वाले प्रेमियों पर शुक्रवार को कोई भी बंदिश कारगर नहीं हुई। मौसम ने भी इनकी परीक्षा ले ली। शीतलहर और रिमझिम बारिश के बावजूद प्रेमी युगल प्यार की बंदिश तोड़ने में कामयाब रहे। पार्कों-मंदिरों और कॉलेज की चौखट पर युगलों ने जीने मरने की कसमें खाईं। समाज के ठेकेदारों की कोशिशें भी धरी की धरी रह गई। पश्चिमी सभ्यता का हवाला देकर कुछ लोगों ने इन पर पहरा बिठाने की कोशिश की। इन सबके बावजूद प्रेमी जोड़े प्यार में मशगूल रहे। सात समुंदर पार बैठे प्रेमी युगलों ने फेस बुक के जरिए अपने लव का इजहार किया। मोबाइल से मैसेज और मिस्ड काल लव स्टोरी का संकेत बने। समाज के अलावा मौसम ने भी इन पर बंदिश लगाने की पूरी कोशिश की। वेलेनटाइन को अपने अंदाज में मनाने पर उतारू प्रेमी युगलों पर कोई भी बंदिश कारगर साबित नहीं हुई।
हिदायत देकर छोड़ा
वेलेनटाइन डे पर शुक्रवार को कई प्रेमी जोड़े इंदिरा वन पार्क पहुंचे थे। एकांत में प्रेम दीवानों की जोड़ी प्यार के इजहार में मशगूल थी। इसी बीच बजरंगदल के जिला संयोजक विनय तिवारी के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता पार्क आ धमके। विनय ने बताया कि पार्क में कई प्रेमी जोड़ों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वहीं एहतियातन पुलिस भी गश्त करती रही। चौकी इंचार्ज संजय कुमार सिंह ने पार्क पर खास निगाह रखी।