लखीमपुर खीरी। संत रविदास की जयंती शहर में श्रद्धा से मनाई गई। इसके लिए शहर के लोगों की ओर से अंबेडकर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशिष्ट अतिथि भोगनाथ पुष्कर ने संत रविदास को छुआछूत से ग्रस्त समाज को कुरीतियों और अंधविश्वास को छोड़ने का संदेश देने वाला भक्त बताया। कहा कि, संत रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। इसके प्रचार प्रसार की जरूरत है। लोगों ने संत रविदास के बताए रास्ते पर चलने का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पतिदास भगत और विशिष्ट अतिथि भोगनाथ पुष्कर की ओर से संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि पतिदास भगत समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। गुलाब अंबेडकर ने कहा कि संत रविदास के भजन युगों-युगों तक अमर रहेंगे। कार्यक्रम में शांति देवी समेत कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुलाब कुमार अंबेडकर ने की।
इस मौके पर आरडी गौतम, मातादीन गौतम, दिलीप पासवान, राजकुमार, रामचंद्र नन्हें दास, राम बहादुर, रामधारी, मदन लाल, गया प्रसाद, कौशलेश्वर भगत आदि ने भी संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर समाजिक बुराइयों का त्याग करने का संकल्प लिया।
संपूर्णानगर। अनुसूचित जाति उत्थान एवं विकास सेवा समिति के तत्वावधान में खीरी-पीलीभीत के लोगों ने पब्लिक इंटर कॉलेज संपूर्णानगर के मैदान पर समारोह का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता ट्रांस क्षेत्र नेहरू नगर निवासी चौथी प्रसाद एवं संचालन राणाप्रताप नगर के बसपा सेक्टर प्रभारी गणेश गौतम ने किया। इस मौके पर वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन का विस्तार से वर्णन किया और कई गांवों से पहुंची महिलाओं की टीम ने ढोल-बाजे के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर लालजी प्रसाद, रामकिशुन, इंद्रजीत, अर्जुन भारती, राम संजीवन, विजय बहादुर, शैलेश कुमार, प्रिंस बौद्ध, अनिरुद्ध भारती, दलीप, जोगेंद्र, उमेश आदि मौजूद रहे।