लखीमपुर खीरी। जिले में पारा एकाएक बढ़ने के बाद बुधवार को सुबह से आसमान में धुंध छायी रही, जिससे उमस भरी गर्मी ने पसीना से तर कर दिया, लेकिन शाम चार बजे के बाद तेज हवा और आसमान में छाए बादलों ने राहत दी। वहीं मैगलगंज सहित कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे गर्मी से निजात मिल गई। दिन का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
तेज धूप और गर्म हवा से पारा उछलकर मंगलवार को 43 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि बुधवार को तापमान में मामूली गिरावट महसूस की गई, लेकिन आसमान में छायी धुंध और बादलों से बेचैन कर देने वाली गर्मी से हर कोई पसीना पसीना हो गया। वहीं शाम चार बजे से मैगलगंज, औरंगाबाद और हैरमखेड़ा इलाके में तेज हवा के साथ आसमान में काले बादल छा गए। फिर बारिश शुरू हो गई। हालांकि कुछ देर ही बारिश हुई, लेकिन मौसम सुहावना हो गया। वहीं शहर के अलावा खीरी, खमरिया, धौरहरा, मोहम्मदी और गोला इलाके में भी धूल भरी आंधी चली। जिले के कई हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया।
बिजली कटौती होने से गर्मी में हो रही दिक्कतें
मझगईं। भीषण गर्मी और अब चुनाव खत्म होने के बाद बिजली की कटौती भी शुरू हो गई है। बिजली की अघोषित कटौती से व्यापारियों के साथ ही लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे में पूरे दिन बिजली की आवाजाही और भारी कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि चुनाव के चलते 24 घंटे बिजली मिल रही थी, लेकिन मतदान हो जाने के बाद अब बिजली कटौती भी शुरू कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।