ग्रामीण क्षेत्रों में 135, नगरीय में 15 जोड़ों के होंगे विवाह
जिला समाज कल्याण अधिकारी बोले, खीरी में 10 जून को होंगी शादियां
लखीमपुर खीरी। सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए शासन की ओर से पहली किस्त 76.50 लाख जिला समाज कल्याण विभाग को मिली है, जिससे 150 गरीब बेटियों का विवाह कराया जाएगा। खीरी में शादियां दस जून को होंगी।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस वर्ष 150 गरीब बेटियों की शादी के लिए शासन की ओर से बतौर पहली किस्त 76.50 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। योजना को धरातल पर उतारने के लिए इसके लिए ब्लॉक व नगरीय निकाय स्तर पर पात्रों की चैन की कार्यवाही भी लगभग पूरी कर ली गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि खीरी में 10 जून को शहनाई बजेगी, जिसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया। जनपद स्तरीय कमेटी द्वारा लिए निर्णय पर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति ब्लॉक 09 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य व सभी नगरीय क्षेत्रों को मिलाकर 15 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य नियत किया है। इस योजना के तहत वधू के खाते में 35 हजार की धनराशि अंतरित की जाएगी। वही क्रय समिति द्वारा शासन द्वारा अनुमन्य वस्तुएं वर-वधू को प्रदान की जाएंगी।