मैलानी। मैलानी-गोमतीनगर रेलखंड के गोमतीनगर और मोहिबुल्लापुर स्टेशनों पर बस रेड टिकट चेकिंग अभियान में 72 बेटिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे 26 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जनसंपर्क अधिकारी, लखनऊ महेश गुप्ता ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ओंकारनाथ वर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को गोमतीनगर और मोहिबुल्लापुर में बस रेड टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान गाड़ी संख्या 15114 छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस, 15009 गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस, 15053 छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस 55087 मैलानी-डालीगंज पैसेंजर में 72 बेटिकट और अनियमित यात्री पकड़े गए। इनसे 26 हजार 720 रुपये जुर्माना वसूलकर रेल राजस्व अर्जित किया गया। जबकि 11 बेटिकट और अनियमित यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
इस अभियान में बिना टिकट पुलिस कर्मी एवं दैनिक यात्री स्लीपर एवं थ्री एसी श्रेणी में यात्रा करते पाए गए। वाणिज्य चेकिंग टीम द्वारा अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को बिना टिकट यात्रा न करने हेतु जागरूक भी किया गया।