लखीमपुर खीरी। जिले में इन दिनों समय से पूर्व प्रसव (प्रीमेच्योर डिलीवरी) और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जच्चा और बच्चा दोनों की जान खतरा रहता है।
जिला महिला अस्पताल में ही बीते पांच माह की बात करें तो अब तक प्रीमेच्योर डिलीवरी के 187 व एचआरपी के 330 केस सामने आ चुके हैं। इसमें भी अगस्त में ऐसे केस ज्यादा रहे। समय से पूर्व पैदा हुए शिशुओं में सबसे अधिक समस्या सांस लेने की होती है।
वहीं, कुछ शिशु ऐसे भी है, जिनके फेफड़े संक्रमित मिले हैं। अन्य शिशुओं में पीलिया, पाचन और अन्य समस्याएं देखी गईं। इन सभी शिशुओं को स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती किया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को खानपान में विशेष ऐहतियात बरतने के साथ ही कुशल चिकित्सकों से ही इलाज कराना चाहिए। ऐसा करने से ही ऐसे मामले कम किए जा सकते हैं। संवाद
एचआरपी के कारण
-हाई ब्लड प्रेशर। -मधुमेह। कम उम्र में विवाह और गर्भवस्था। -थायराइड। -छोटी हाइट होना।
समय से पूर्व प्रसव के कारण
-गर्भावस्था में कुपोषण। -प्रदूषण। -मां का शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य कमजोर होना। -तनाव। -हाई ब्लड प्रेशर
पिछले पांच माह में ये रही स्थिति
माह समय से पहले जन्मे बच्चे हाई रिस्क प्रेग्नेंसी
अप्रैल 31 30
मई 30 62
जून 40 71
जुलाई 41 80
अगस्त 45 87
पिछले दो साल की स्थिति वर्ष 2023 2024
कम वजन के बच्चों का जन्म 2820 2869
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी 1122 1590
समय से पहले जन्मे बच्चे 391 597
एचआरपी के लिए माह में चार विशेष दिन बनाए गए हैं। इसमें ऐसी महिलाओं की निगरानी की जाती है। गर्भवती महिलाओं को सीधे जिला महिला अस्पताल आकर समय पर अपना इलाज कराना चाहिए।
डॉ. अमित कुमार गुप्ता, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल
कई मरीज गलत जगह इलाज करा लेते हैं। इससे उनकी जान पर खतरा रहता है। जिला महिला अस्पताल में ऐसे मरीजों की देखरेख के लिए अलग से समय दिया जाता है। इसलिए मरीजों को कुशल चिकित्सक से ही इलाज कराना चाहिए।
डॉ. जाह्नवी, महिला चिकित्सक, जिला महिला अस्पताल